थर्ड आई न्यूज
होजाई से रमेश मुन्दड़ा
बाढ़ से प्रभावित होजाई जिले के 18 हजार परिवारों को एक कालीन सहायता राशि के तहत ₹ 3800 दिए जाएगें I उक्त बातें आज होजाई जिले में आई बाढ़ से हुए नुकसान व वर्तमान परिस्थितियों का जायजा लेने के लिए पहुंचे असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने संवाददाताओं से कही। उल्लेखनीय है कि वे प्रातः 11:00 बजे हेलीकॉप्टर से होजाई पहुंचे और दक्षिण केंदुगुड़ी और नवभंगा में बाढ़ प्रभावित अंचल का जायजा लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री स्थानीय विधायक रामकृष्ण घोष व लमडिंग के विधायक शिबू मिश्रा, जिला उपायुक्त अनुपम चौधरी व कई विभागों के अधिकारियों के साथ दक्षिण जोगीजान हाईस्कूल में बाढ़ से हुए नुकसान व वर्तमान परिस्थिति के बारे में विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने इस दौरान कृषि विभाग को निर्देश दिया कि किसानों को जल्द से जल्द खेती हेतु बीज उपलब्ध कराएं I इसके बाद उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि वे आज बाढ़ प्रभावित इलाका का जायजा लेने आए हैं I उन्होंने कहा कि कपिली नदी से होजाई में काफी नुकसान हुआ है I स्थानीय लोगों से विचार-विमर्श करने के बाद उन्हें 35 किलोमीटर बांध बनाने का सुझाव दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संबंधित विभाग से विचार-विमर्श करने के पश्चात इसका काम आरंभ होगा। वहीं बांध से पहले 6 हाई लेंड मनरेगा के तहत बनाए जाएगे I बाद में 25 किलोमीटर सड़क बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उक्त अंचल में कई पौराणिक धरोहर है, इसलिए वे जल्द ही होजाई का दौरा वापस करेगें। उन्होंने आगे कहा
बाढ़ से पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त घरों के परिवारों को 95 हजार की राशि मुहैया कराई जाएगी और जिन परिवारों को सूक्ष्म रूप से बाढ़ से नुकसान हुआ है, उन्हें भी कुछ सहायता राशि सरकार की तरफ से दी जाएगी I उन्होंने आशा जताई कि सहायता राशि संभवत आगामी 15 जुलाई तक जारी कर दी जाएगी I