थर्ड आई न्यूज

देवघर I प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को झारखंड की धार्मिक नगरी देवघर पहुंचे। यहां उन्होंने एयरपोर्ट और एम्स समेत दर्जनभर योजनाओं की शुरुआत की। इसके बाद प्रधानमंत्री ने 10 किलोमीटर रोड शो कर 12 ज्योतिर्लिंग में शामिल बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और पूजन किए। बाबा धाम में उन्होंने एक रैली को भी संबोधित किया और पहले की सरकारों पर जमकर हमला बोला। पढ़िए रैली में क्या-क्या बोले प्रधानमंत्री मोदी…
विकास पर :
देवघर कॉलेज ग्राउंड की सभा में कहा कि हम जिसका शिलान्यास करते हैं, उसका उद्घाटन भी हम करते हैं। पहले सिर्फ शिलान्यास होता था। पहले की सरकारों में योजनाओं की घोषणा होती थी, फिर एक दो सरकार जाने के बाद कोई आकर एक-दो पत्थर लगाकर जाता था। पत्थर लटकता रहता था, दो-चार सरकारें चलने के बाद कोई और आता, फिर वो ईंट लगाता था। पता नहीं कितनी सरकारें जाने के बाद वो योजना सामने दिखती थी।
पुरानी सरकारों पर :
एक चुनौती है, शॉर्टकट की राजनीति। लोग शॉर्टकट अपना कर वोट ले रहे हैं। जिस देश की राजनीति शॉर्टकट पर आधारित होती है, एक दिन उसका अंत शॉर्ट सर्किट की तरह होता है। आजादी के बाद सरकारों ने शॉर्टकट अपनाया था। आज उसी का खामियाजा देश भुगत रहा है। इससे देश तबाह होता है। इसलिए जनता को ऐसे लोगों से सजग रहना चाहिए।
अगर बिजली नहीं होती तो लालटेन में रहना पड़ेगा। बिजली शॉर्टकट से पैदा नहीं हो सकती है। झारखंड के लोग जानते हैं कि इसके लिए प्लांट लगाना पड़ता है। जो राजनीतिक दल शॉर्टकट अपनाते हैं, वो लुभाने का काम करते हैं। जो ये राजनीति करते हैं वे एयरपोर्ट नहीं बना सकते हैं। झारखंड के लोगों को ऐसे लोगों से बचकर रखना चाहिए।
पर्यटन पर :
बाबाधाम हो, काशी विश्वनाथ धाम हो या अयोध्या धाम हो, हर धाम में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। दुनिया के लोग नई जगहें देखना चाहते हैं। जानना चाहते हैं। आज समय की मांग है, भारत अपनी विरासत को तेजी से संरक्षित करे। वहां सुविधाएं बढ़ाए। हमने हाल ही दिनों में देखा है कि जहां पर सुविधाएं बढ़ाई गई हैं, वहां पर पर्यटकों की संख्या बढ़ी है।
प्रधानमंत्री ने बनारस का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि जब से काशी विश्वनाथ कॉरिडोर शुरू हुआ है, वहां तीन गुना पर्यटक बढ़े हैं। वहां सभी को फायदा हुआ है। कारोबार बढ़ा है। जहां पर्यटन बढ़ता है, वहां विकास होता है। सबको फायदा होता है।
झारखंड पर :
कभी कल्पना की गई थी कि पाइप लाइन के जरिए गैस सप्लाई होगी। झारखंड इस मामले में अव्वल है। झारखंड के पास अग्रणी औद्योगिक राज्य बनने का अवसर है। कनेक्टिविटी बढ़ाने का काम चल रहा है। झारखंड को समुद्री मार्ग से जोड़ने के लिए प्रयास हो रहे हैं। इससे उद्योग बढ़ेंगे। यहां के गरीब आदिवासियों को रोजगार मिलेगा।
मुझे विश्वास है कि जो परियोजनाएं आज हमने शुरू की हैं, वो झारखंड के विकास को नई गति देने जा रही हैं। कल आप दीप जला रहे थे, आज उमंग और उत्साह से उमड़ पड़े, और जहां तक मेरी नजर जा रही है वहां तक लोग ही लोग हैं, इसका मतलब है कि लोगों को विकास चाहिए
कनेक्टिविटी पर :
आज सरकार के प्रयासों का लाभ पूरे देश में दिख रहा है। उड़ान योजना के तहत पिछले 5-6 सालों में लगभग 70 नए स्थानों को एयरपोर्ट्स और वॉटर एयरोडोम्स के माध्यम से जोड़ा गया है। 400 से ज्यादा नए रूट्स पर आज सामान्य से सामान्य नागरिक को हवाई यात्रा की सुविधा मिल रही है।
16 हजार करोड़ योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
इसके पहले एयरपोर्ट में उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री ने कोलकाता की फ्लाइट को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कहा कि देवघर से झारखंड के विकास को गति देने का सौभाग्य मिला है। उन्होंने 16 हजार करोड़ से ज्यादा के प्रोजेक्ट का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए कहा कि इससे झारखंड के विकास को बल मिलेगा।
उन्होंने आगे कहा कि देवघर एयरपोर्ट का सपना लंबे समय से देखा था। इस प्रोजेक्ट से झारखंड के लाखों लोगों का जीवन आसान होगा। व्यापार और रोजगार के भी नए अवसर खुलेंगे।
झारखंड में बनेंगे 3 और एयरपोर्ट :
झारखंड में बनेंगे तीन और एयरपोर्ट कार्यक्रम में सिंधिया ने बताया कि झारखंड में आने वाले दिनों में कुल पांच एयरपोर्ट होंगे। सबसे पहले बोकारो, जमशेदपुर और दुमका में एयरपोर्ट बनाए जाएंगे। इसके साथ-साथ राज्य से कनेक्टिविटी को बढ़ाते हुए 14 नए एयर रूट शुरू होंगे।
400 से ज्यादा नए रूट्स पर हवाई सुविधा :
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज सरकार के प्रयासों का लाभ पूरे देश में दिख रहा है। उड़ान योजना के तहत पिछले 5-6 सालों में लगभग 70 नए स्थानों को एयरपोर्ट्स, हेलीपोर्ट्स और वॉटर एयरोडोम्स के माध्यम से जोड़ा गया है। 400 से ज्यादा नए रूट्स पर आज सामान्य से सामान्य नागरिक को हवाई यात्रा की सुविधा मिल रही है।
राज्यों के विकास से देश का विकास :
प्रधानमंत्री कहा कि राज्यों के विकास से राष्ट्र का विकास होता है। देश पिछले 8 वर्षों से इसी सोच के साथ काम कर रहा है। पिछले 8 वर्षों में राजमार्ग, रेलवे, वायुमार्ग, जलमार्ग हर प्रकार से झारखंड को कनेक्ट करने के प्रयास में भी यही सोच, यही भावना सर्वोपरि रही है।
250 बेड वाले AIIMS का किया ऑनलाइन उद्घाटन :
इसके बाद प्रधानमंत्री ने देवघर 250 बेड वाले एम्स का ऑनलाइन उद्घाटन किया, जिसके बाद वह सीधा बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर के लिए निकल गए। बाबा मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद पीएम सीधा देवघर कॉलेज स्थित सभा स्थल के लिए रवाना हो जाएंगे। वहां प्रधानमंत्री का कार्यक्रम लगभग एक घंटे का होगा। बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के बाद प्रधानमंत्री मंदिर में ही 22 देवी-देवताओं की पूजा करेंगे। यहां वो काली पूजा भी करेंगे। इसका विशेष महत्व है i
सिंधिया बोले- लाखों श्रद्धालुओं को होगा फायदा
एयरपोर्ट के उद्घाटन से पहले केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि इस एयरपोर्ट के शुरू होने से लाखों श्रद्धालुओं के दर्शन में आसानी होगी। पहले बड़े शहरों में हवाई अड्डे बनते थे, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने इसकी परिभाषा ही बदल दी। जल्द ही देवघर-पटना-दिल्ली के लिए फ्लाइट शुरू की जाएगी। देवघर-रांची-कोलकाता के लिए भी फ्लाइट चलेगी।
ये सपने के सच होने जैसा: हेमंत सोरेन
वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि ये झारखंड के लिए ऐतिहासिक दिन। ये एक सपने को सच बनता देखने जैसा है। केंद्र की मदद से आज झारखंड विकास की ओर बढ़ रहा है।