थर्ड आई न्यूज

मंगलदै । राज्य में आई बाढ़ से बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। प्राकृतिक आपदा से सड़क, मकान जहां नष्ट हुए हैं, वहीं दूसरी ओर जीवन जीने के लिए रोजमर्रा की अत्यावश्यक सामग्रियों के बर्बाद होने से प्रभावित लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए जहां केंद्र और राज्य सरकारों की ओर से राहत ऊंचाई जा रही हैं, वहीं सामाजिक संगठन एवं अन्य संस्थाएं भी बढ़-चढ़कर मदद के लिए अपना हाथ बढ़ा रही हैं। इस कड़ी में गुरुवार को शक्तिपीठ कामाख्या धाम समाज एवं स्थानीय नागरिकों की ओर से दरंग जिला मुख्यालय शहर मंगलदै टाउन में बाढ़ प्रभावित लगभग 300 परिवारों को रोजमर्रा की अत्यावश्यक सामग्रियां प्रदान की गयी। बाढ़ प्रभावित प्रत्येक परिवार को गद्दा, मच्छरदानी, बर्तन (चार प्लेट, ग्लास, कढ़ाई आदि), छोटे बच्चों का भोजन, पढ़ने वाले बच्चों के लिए पेंसल, रबर, स्केल, ड्राइंग बुक के साथ साफ-सफाई के लिए फेनाइल और महिलाओं को साड़ी प्रदान किया गया। कामाख्या मंदिर समाज की ओर से प्रभावित परिवारों के लिए की गयी मदद की स्थानीय लोगों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की है।