मुंबई पुलिस को मिला धमकी भरा संदेश, आतंकियों ने कहा- 26/11 की यादें कर देंगे ताजा
थर्ड आई न्यूज

मुंबई । मुंबई पुलिस ट्रैफिक कंट्रोल रूम को देश की आर्थिक राजधानी में एक और आतंकी हमले की कथित चेतावनी का संदेश मिला है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार धमकी एक व्हाट्सएप संदेश में थी, ऐसा कहा जा रहा है कि ये धमकी पड़ोसी देश से मिली है। हालांकि संदेश में प्रेषक का विवरण या हमले कब होंगे, यह स्पष्ट नहीं था।
संदेश में यह भी दावा किया गया है कि अगला हमला भारी हथियारों से लैस 10 पाकिस्तानी चरमपंथियों द्वारा शहर में 26/11 के आतंकी हमलों की यादें ताजा कर देगा।
शुद्ध हिंदी में लिखा है संदेश :
मिली जानकारी के अनुसार मुंबई के ट्रैफिक कंट्रोल रूम को एक पाकिस्तानी नंबर से व्हाट्सएप्प संदेश भेजकर मुंबई में पुनः 26/11 जैसा हमला करने की धमकी दी गई है। ट्रैफिक पुलिस के व्हाट्सएप्प नंबर पर आया यह संदेश शुद्ध हिंदी में लिखा हुआ है।
मुंबई पहुंचने वाले हैं धमाका करने वाले लोग :
संदेश में पिछले कुछ दिनों में उदयपुर और अमरावती में हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए भारत में 26/11 के हमले जैसी घटना दोहराने की बात कही गई है। संदेश में लिखा है कि यह नंबर ट्रेस करोगे तो यह बाहर का निकलेगा। लेकिन मुंबई में धमाका करने वाले लोग जल्द पहुंचने वाले हैं।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता प्रतिपक्ष अजीत पवार ने कहा कि राज्य सरकार को खतरे को गंभीरता से लेना चाहिए और जांच करनी चाहिए।
मुंबई पुलिस की बढ़ी चिंता :
गौरतलब है कि दो दिन पहले ही मुंबई के निकट रायगढ़ के समुद्री तट पर एक लावारिस स्पीड बोट में तीन एके47 राइफलें और जिंदा कारतूसों के 10 बॉक्स मिले थे। हालांकि अब तक की जांच में इस नौका का किसी आतंकी साजिश से संबंध होने से इंकार किया गया है।
लेकिन आज मिली धमकी ने मुंबई पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। क्यों मुंबई में आने वाले समय में गणेशोत्सव और नवरात्रोत्सव जैसे कई त्योहार आने वाले हैं। इन त्यौहारों में सड़क पर होने वाली भीड़ पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती होती है। ऐसे में 26/11 जैसे हमले को दोहराने की धमकी से मुंबई पुलिस और सतर्क हो गई है।