थर्ड आई न्यूज

अगरतला/गुवाहाटी Iभाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पूर्वोत्तर के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने गुवाहाटी में भाजपा के संगठनात्मक कार्यालय का उद्घाटन किया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित भी किया। दरअसल, नड्डा दोपहर बाद त्रिपुरा से असम पहुंचें और पुनर्निर्मित ‘पद्म भवन’ का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में असम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और त्रिपुरा के मुख्यमंत्री सहित पूर्वोत्तर भारत के सभी आठ राज्यों की भाजपा इकाई के अध्यक्ष मौजूद रहे।
इससे पहले त्रिपुरा के खुमुलवंग में भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आत्मनिर्भर समाज की कल्पना जनजातीय समाज की कल्पना से जुड़ी हुई है। जनजातीय समाज आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ने का प्रयास करता है। प्रधानमंत्री ने देश की जनजातीय ताकत और गौरव को पहचाना है। देश पर जब-जब कोई संकट आया है तो रक्षा करने के लिए जनजातीय समाज हमेशा आगे आया है। पहली बार भारत सरकार में जनजातीय समाज को बहुत ज्यादा प्रतिनिधित्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिया है।
जेपी नड्डा ने तृणमूल कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा टीएमसी की जनविरोधी नीति, भ्रष्टाचार, कुप्रबंधन, महिला अत्याचार के खिलाफ है। राज्य में स्वास्थ्य, शिक्षा और कानून के शासन की क्या स्थिति है? वहां एक महिला मुख्यमंत्री है और महिला तस्करी में पश्चिम बंगाल शीर्ष पर है। शर्मनाक !