अभामायुमं के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए मायुमं गुवाहाटी शाखा ने किया राजीव चांडक के नाम का प्रस्ताव पारित

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी I मारवाड़ी युवा मंच गुवाहाटी शाखा की आज हुई कार्यकारिणी की बैठक में सर्वसम्मति से राजीव चांडक को अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद हेतु उम्मीदवारी के लिए प्रस्ताव पारित किया गया। उल्लेखनीय है कि अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच का राष्ट्रीय अधिवेशन आगामी दिसंबर में वाराणसी में प्रस्तावित है। अधिवेशन के दौरान सत्र 2023-25 के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पांच राष्ट्रीय उपाध्यक्षों का चयन किया जाएगा। राजीव चांडक वर्तमान सत्र में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, (क्षेत्र-1) हैं। समाज सेवी एवं ऊर्जावान युवा राजीव चांडक पिछले कई वर्षों से मायुमं गुवाहाटी शाखा के सदस्य के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने शाखा में कई महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया है। वे शाखा उपाध्यक्ष, शाखाध्यक्ष, राष्ट्रीय सहायक मंत्री एवं वर्तमान में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर रहते हुए अपनी जिम्मेवारियों का बखूबी पालन कर रहे हैं । चांडक को अखिल भारतीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ शाखाध्यक्ष एवं लगातार दो बार सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रीय सहायक मंत्री के रूप में सम्मानित किया जा चुका है। गौरतलब है कि गुवाहाटी शाखा मंच की जननी शाखा है। वर्ष 1977 में 10 अक्टूबर को गुवाहाटी के तत्कालीन उत्साही युवाओं ने मारवाड़ी समाज के हितों एवं सामाजिक दायित्वों को पूरा करने के उद्देश्य से मारवाड़ी युवा मंच नामक एक संस्था का गठन किया। वर्ष 1985 आते-आते संगठन ने अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के रूप में राष्ट्रीय स्वरूप प्राप्त कर लिया। वर्ष 1985 में हुए पहले राष्ट्रीय अधिवेशन में गुवाहाटी शाखा के सदस्य प्रमोद सराफ को प्रथम राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उनके नेतृत्व में मंच लगातार आगे बढ़ते हुए देश भर में अपनी पहचान कायम करने में सफल रही। आज देश व विदेशों में करीब 700 से अधिक शाखाओं के साथ अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के रूप में विशाल रूप ले चुका है। अपने इस यात्रा काल में मारवाड़ी युवा मंच देश का शीर्ष सामाजिक संगठन बनकर समाज व राष्ट्र हित में कार्य कर रहा है। गौरतलब है कि अपने स्थापना काल से अब तक गुवाहाटी शाखा से चार राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं, जिनमें संस्थापक राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रमोद सराफ, अरुण बजाज, पवन सीकरिया एवं अनिल जैना शामिल हैं। शाखा को उम्मीद है कि राजीव चांडक जैसे कर्मठ व ऊर्जावान युवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर संगठन और भी अधिक मजबूती के साथ आगे बढक़र सफलता के नए आयास स्थापित कर पाने में सक्षम होगी। शाखा कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने हेतु अपनी शुभकानाएं प्रेषित की हैं।