JEE Advanced 2022 Result: बिहार के अभिजीत गुवाहाटी जोन के टापर, शिशिर व तनिष्‍क काबरा देश में अव्‍वल

थर्ड आई न्यूज

पटना।जेईई एडवांस रिजल्ट की घोषणा आज कर दी गई है। बिहार की बात करें तो बेगूसराय के अभिजीत आनंद आल इंडिया 15वी रैंक के साथ बिहार टापर बने हैं। आइआइटी बाम्‍बे जोन के आरके शिशिर ने पूरे देश में टाप किया है। आइआइटी दिल्‍ली जोन की तनिष्‍क काबरा लड़कियों में टापर बनी हैं। उन्‍हें ओवरआल 16वीं रैंक मिली है। रिजल्‍ट आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर देखे जा सकते हैं।

विदित हो कि आइआइटी जेईई एडवांस परीक्षा की परीक्षा 28 अगस्त, 2022 को हुई थी। इसमें 1.55 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिनमें 40712 ने सफलता हासिल की है। इनमें 6516 लड़कियां हैं।

टाप 100 में सर्वाधिक 29-29 बाम्बे व मद्रास जोन से :
जोनवाइज टापरों की बात करें तो टाप 100 में सर्वाधिक 29-29 टापर बॉम्बे व मद्रास जोन से हैं। इसके बाद टाप 100 में 22 टापरों के साथ दिल्‍ली का स्‍थान है। रूड़की जोन में 11 तो भुवनेश्‍वर जोन में छह टापर हैं। आइआइटी गुवाहाटी जोन ने दो टापरों के साथ आइआइटी कानपुर जोन को पीछे छोड़ दिया है। पहले 100 टापरों में कानपुर जोन से केवल एक टापर है।

अभिजीत व स्‍नेहा बने गुवाहाटी जोन के टापर :
बिहार के बेगूसराय के रहने वाले अभिजीत आनंद ने आल इंडिया 15वीं रैंक के साथ गुवाहाटी जोन में टाप किया है। गुवाहाटी जोन के सेकेंड टापर शिवम श्रवण आल इंडिया 65वीं रैंक के साथ टाप 100 में शामिल हैं। आल इंडिया 447 रैंक के साथ स्‍नेहा परीक ने गुवाहाटी जोन में लड़कियों में टाप किया है। गुवाहाटी जोन में आदित्‍य अजय (आल इंडिया रैंक: 188) ने तीसरा, हिमांशु शेखर (आल इंडिया रैंक: 193) ने चौथा एवं पार्थिव सेन (आल इंडिया रैंक: 195) ने पांचवां स्‍थान हासिल किया है I

%d bloggers like this: