बंगाल में भाजपा का नबन्ना चलो मार्च:भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस की गाड़ी जलाई; महिला अफसर से शुभेंदु अधिकारी बोले- डोंट टच माय बॉडी

थर्ड आई न्यूज

कोलकाता I कोलकाता में मंगलवार को भाजपा ने भ्रष्टाचार के आरोप में ममता सरकार के खिलाफ मार्च निकाला। इसे सचिवालय चलो मार्च (नबन्ना चलो मार्च) नाम दिया गया है। हालांकि पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को सचिवालय पहुंचने से पहले बीच में ही रोक दिया। पुलिस ने शुभेंदु अधिकारी, लॉकेट चटर्जी समेत कई भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

हिरासत में लिए जाने के दौरान शुभेंदु अधिकारी का एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में शुभेंदु एक महिला पुलिस ऑफिसर से कह रहे हैं- डोंट टच माय बॉडी, आई एम मेल। वीडियो को अभिषेक बनर्जी ने भी पोस्ट किया है।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस की गाड़ी जलाई, पार्षद का सिर फूटा :
पुलिस कार्रवाई के बाद भाजपा कार्यकर्ता भड़क उठे। कोलकाता के लालबाजार एरिया में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की गाड़ी फूंक दी। जमकर पत्थरबाजी की। वहीं, भीड़ को काबू पाने के लिए बंगाल पुलिस ने लाठीचार्ज किया। पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए आंसू गैस के गोले और वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया। इस दौरान कोलकाता से भाजपा पार्षद मीना पुरोहित के सिर फट गया, जिसके बाद उन्हें तत्काल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।

शुभेंदु-लॉकेट हिरासत में, घोष बोले- पुलिस नहीं, ये तृणमूल कार्यकर्ता :
सांतरागाछी रेलवे स्टेशन के पास नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी, सांसद लॉकेट चटर्जी समेत कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस दौरान भाजपा नेता अधिकारी ने कहा, ‘बंगाल की जनता ममता बनर्जी के साथ नहीं है, इसलिए वह बंगाल में उत्तर कोरिया की तरह तानाशाही कर रही हैं।’ दिलीप घोष ने बंगाल पुलिस पर तृणमूल कार्यकर्ताओं की तरह काम करने का आरोप लगाया है।

%d bloggers like this: