असम में पीएफआई के खिलाफ फिर बड़ा अभियान, विभिन्न जिलों से 25 गिरफ्तार
थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी I पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के खिलाफ कार्रवाई में मंगलवार को असम के विभिन्न जिलों से संगठन के 25 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
राज्य पुलिस ने कहा कि सबसे ज्यादा 10 पीएफआई कार्यकर्ताओं को राज्य के ग्वालपाड़ा जिले से गिरफ्तार किया गया है। इसके बाद पांच को कामरूप (ग्रामीण) और तीन को धुबड़ी में गिरफ्तार किया गया। वहीं, बरपेटा , बाक्सा, दरंग , उदालगुड़ी और करीमगंज में भी गिरफ्तारियां की गईं।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 22 सितंबर से संगठन के खिलाफ देशव्यापी कार्रवाई के बाद से असम पुलिस ने राज्य और दिल्ली के विभिन्न हिस्सों से 11 लोगों को गिरफ्तार किया था।
मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने पहले कहा था कि राज्य सरकार आतंकवादी गतिविधियों के लिए कथित तौर पर एक तंत्र बना रहे संगठन पीएफआई को प्रतिबंधित करने के लिए केंद्र से आग्रह किया है।
दूसरी ओर राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने दावा किया है कि पीएफआई के कार्यालयों और उसके सदस्यों के परिसरों पर मारे गए देशव्यापी छापे के दौरान जब्त किए गए दस्तावेजों में एक विशेष समुदाय के प्रमुख नेताओं को निशाना बनाने वाली अत्यधिक आपत्तिजनक सामग्री मौजूद है।