लंबी बीमारी के बाद मेदांता अस्पताल में मुलायम सिंह यादव का निधन, गुरुग्राम से सैफई के लिए ले जाया जा रहा पार्थिव शरीर

थर्ड आई न्यूज

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता मुलायम सिंह यादव ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में आज (10 अक्टूबर) सुबह 8:16 बजे अंतिम सांस ली। उनके बेटे अखिलेश यादव ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। पिछले कुछ दिनों से सपा नेता की हालत गंभीर बनी हुई थी। 22 नवंबर, 1939 को जन्मे मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के सबसे प्रमुख नेताओं में से एक थे, जिन्होंने तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया और केंद्र सरकार में रक्षा मंत्री के रूप में भी कार्य किया। वे 10 बार विधायक और 7 बार लोकसभा सांसद चुने गए थे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को दिग्गज राजनेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निधन से देश में संघर्ष और समाजवाद के एक युग का अंत हो गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीन दिन के राजकीय शोक की भी घोषणा की और कहा कि दिग्गज नेता का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा I

उनके जाने से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में क्षति – तेजस्वी यादव
मुलायम सिंह यादव के निधन पर बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने शोक जताया। तेजस्वी यादव ने कहा- नेता जी की तबियत का ज़ायजा लेने कुछ दिन पहले लालू जी और मैं मेदांता अस्पताल गए थे। आज सुबह उनकी निधन की खबर मिली जिससे हम दुखी हैं। उनके जाने से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में क्षति हुई है। उनके जाने से हमें काफी दुख है।

मुलायम सिंह यादव ने देश में समाजवादी आंदोलन को आगे बढ़ाया – लालू प्रसाद यादव
RJD के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताया। लालू प्रसाद यादव ने कहा- मुलायम सिंह यादव हमारे बीच नहीं रहे। उन्होंने देश में समाजवादी आंदोलन को आगे बढ़ाया था। हमारे और उनके संबंध पारिवारिक हैं। भगवान उनके परिवार को शक्ति दे।