असम-त्रिपुरा सीमा पर 24 सौ किलोग्राम गांजा जब्त, 2 गिरफ्तार, मुख्यमंत्री ने दी जानकारी
थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी I असम-त्रिपुरा सीमा पर चुरैबाड़ी वॉच पोस्ट पर पुलिस ने बीते शनिवार देर रात 2,400 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस घटना की मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने जानकारी दी है। उन्होंने मामले पर बताया कि पुलिस ने इस दौरान दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। यह सामग्री ट्रक में रखे ड्रम में बंद थी। फिलहाल, पुलिस आरोपियों से सघन पूछताछ कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, बीते 13 सितम्बर को भी असम पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने संयुक्त अभियान में कार्बी आंगलोंग जिले में एक ट्रक से 860 किलोग्राम गांजा और 40. 70 किलोग्राम संदिग्ध हेरोइन जब्त की थी। इस जब्ती के सिलसिले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया था।
वहीं बीते 17 मई को भी असम-त्रिपुरा सीमा पर करीमगंज जिले में एक ट्रक से 1183 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया था और ड्राइवर सहित दो लोगों को हिरासत में लिया गया था। दरअसल त्रिपुरा से गुवाहाटी जा रहे एक छह पहिया मालवाहक वाहन को रोका गया और पूरी तरह से जांच की गई थी। तब इस तलाशी अभियान के दौरान वाहन से करीब 1183 किलो गांजा बरामद हुआ था।