असम के दो पर्वतारोहियों ने माउंट कंचनजंगा पर की चढ़ाई, फहराया राष्ट्रीय ध्वज, हिमंत ने दी बधाई
थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी I असम के दो पर्वतारोहियों ने गुरुवार को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी चोटी माउंट कंचनजंगा पर चढ़ाई की। पर्वतारोहियों ने चोटी पर पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
असम पर्वतारोहण संघ (एएमए) के जनरल सचिव (प्रभारी) मृगांका शर्मा ने कहा कि भास्कर बरुआ और जयंत नाथ सात सदस्यीय टीम का हिस्सा थे, बुधवार को शाम 6:30 बजे शुरू हुए शिखर शिविर से कठिन चढ़ाई के बाद सुबह 7:15 बजे 8,586 मीटर ऊंची चोटी पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि दोनों ने एएमए ध्वज और असमिया ‘गामुसा’ के साथ शीर्ष पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
अभियान को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सात अप्रैल को राज्य की अपनी यात्रा के दौरान झंडी दिखाकर रवाना किया था, जब उन्होंने टीम लीडर और एवरेस्ट पर्वतारोही मानस बरुआ को राष्ट्रीय ध्वज, आइस कुल्हाड़ी बैटन और अभियान ध्वज सौंपा था। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा अभियान दल के शेफ डे मिशन हैं। उन्होंने दोनों को तीसरी सबसे ऊंची पर्वत चोटी पर चढ़ने के लिए बधाई दी।