ट्रेन दुर्घटना को लेकर राहुल ने मांगा रेल मंत्री का इस्तीफा, टीएमसी का भी निशाना
थर्ड आई न्यूज

नई दिल्ली/बालासोर I ओडिशा के बालासोर के बहनागा बाजार में शुक्रवार को हुए रेल हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 275 तक पहुंच गई है। 1175 घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया, इनमें से 793 को छुट्टी दे दी गई और 382 का इलाज चल रहा है। दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना को लेकर विपक्ष ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी मामले में रेल मंत्री का इस्तीफा मांगा है। इस बीच केंद्रीय मंत्रियों की टीम ओडिशा में लगातार कैंप कर हालात को संभालने की कोशिश में जुटी है।
रेल मंत्री पर ममता बनर्जी का निशाना :
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ममता बनर्जी ने रेल मंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कल मेरे साथ रेल मंत्री और धर्मेंद्र प्रधान दोनों खड़े थे लेकिन मैंने कुछ नहीं कहा, मैं बहुत कुछ कह सकती थी क्योंकि मैं खुद रेल मंत्री रही हूं…कोरोमंडल एक्सप्रेस और बेंगलुरु-हावड़ा एक्सप्रेस में एंटी कोलिशन डिवाइस क्यों नहीं था? रेलवे को सिर्फ बेचने के लिए छोड़ दिया है। ममता यहीं नहीं रुकीं, उन्होंने कहा कि मेरे पास एक मैसेज आया जिसमें एक बड़ी लिस्ट थी कि नीतीश, लालू और मेरे समय में कितने लोग मारे गए? क्या कभी इन लोगों ने सोचा कि मैंने अपने समय में रेलवे को कितना आधुनिक किया। सारी जानकारी गलत है…मैं पूछती हूं कि गोधरा में कितने लोग मारे गए थे?
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बालासोर दुर्घटना को लेकर शोक जताया। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना में पश्चिम बंगाल के 62 लोगों की मृत्यु हो गई। यहां 206 लोगों का इलाज चल रहा है। ओडिशा में पश्चिम बंगाल के 73 लोग भर्ती हैं और 56 लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। 182 लोगों की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। जिस दिन यह घटना हुई उसी दिन हमने 150 एम्बुलेंस, 50 डॉक्टर, नर्स, बस और आपदा प्रबंधन की टीम दुर्घटनास्थल भेजी। हम ओडिशा सरकार का पूरा सहयोग कर रहे हैं I
दिल्ली की चिकित्सा टीम भी पहुंची ओडिशा :
केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री डॉ मनसुख मंडाविया ने कटक के अस्पतालों में ट्रेन हादसे में घायल हुए लोगों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि कई लोग घायल हुए हैं और राज्य के 5-6 अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। आज एक मीटिंग भी की गई जिसमें इलाज से जुड़े कई सुझाव आए हैं जिन्हें हम प्राथमिकता दे रहे हैं और यहां पर प्रशासन और मेडिकल टीम की मदद के लिए दिल्ली से स्थानीय प्रशासन और चिकित्सकों की टीम एक विशेष विमान से यहां पहुंच चुकी हैI
राहुल गांधी ने मांगा रेल मंत्री का इस्तीफा :
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ओडिशा के बालासोर में हुए हादसे को लेकर रेल मंत्री का इस्तीफा मांगा है। उन्होंने रविवार को एक ट्वीट में कहा, “270+ मौतों के बाद भी कोई जवाबदेही नहीं! मोदी सरकार इतनी दर्दनाक दुर्घटना की ज़िम्मेदारी लेने से भाग नहीं सकती। प्रधानमंत्री को फ़ौरन रेल मंत्री का इस्तीफा लेना चाहिए!”
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय स्वास्थ्य-परिवार कल्याण मंत्री डॉ मनसुख मंडाविया के साथ और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने श्रीराम चंद्र भंज मेडिकल कॉलेज का दौरा किया। उन्होंने भर्ती मरीज़ों से बातचीत की और चिकित्सकों के साथ भी परिस्थिति पर चर्चा की।
केंद्रीय मंत्री अठावले ने घटना पर जताया दुख :
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने रेल हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह बहुत गंभीर और दुखद घटना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है और रेलवे मंत्री ने जांच के आदेश भी दिए हैं। ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए थी। दोषियों पर कार्रवाई ज़रूर होगी।
डीजी एनडीआरएफ ने दिया बयान :
बालासोर दुर्घटना पर एनडीआरएफ के डीजी अतुल करवाल ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह बहुत बड़ी दुर्घटना है। बहाली का कार्य शुरू हो गया है। हमारी प्रतिक्रिया शीघ्र और प्रभावी थी। स्थानीय लोगों ने बहुत अच्छा काम किया है। हमारी पहली टीम लगभग 8 बजे के पास यहां पहुंच गई थी। हमारे 300 बचावकर्मी लगे हुए हैं…बचाव कार्य लगभग पूरा हो गया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने की रेल मंत्री और शिक्षा मंत्री के साथ बैठक
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने बालासोर ट्रेन हादसे पर चर्चा के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ बैठक की।
आंध्र प्रदेश ने भी किया मुआवजे का एलान :
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने अधिकारियों को प्रत्येक मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 5-5 लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का एलान किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से बताया गया कि यह सहायता राशि केंद्र की ओर से की गई मदद के अलावा दी जाएगी।
ट्रेन हादसे पर चर्चा के लिए अहम बैठक :
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने बालासोर ट्रेन हादसे पर चर्चा के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ बैठक की।
घटना में लापरवाही हुई है: तेजस्वी
बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने बताया कि हमें इसका बहुत दुख है। इस घटना में लापरवाही हुई है। इस घटना ने रेलवे के दावे फेल कर दिए। इसकी जिम्मेवारी तय होनी चाहिए। जल्द से जल्द जांच होनी चाहिए। इस घटना में बिहार के कई लोग घायल हुए हैं। सारी जानकारी ली जा रही है उसके बाद बिहार सरकार निर्णय लेगी।
03:16 PM, 04-JUN-2023
हमारी सरकार हर तरफ से काम कर रही है: हेमा मालिनी
बालासोर ट्रेन दुर्घटनास्थल पर ट्रैक ठीक करने का काम जारी है। शाम तक 2 लाइनें बहाल होने की संभावना है। बालासोर ट्रेन दुर्घटना पर भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि यह बहुत दुखद घटना है। मैं सभी के प्रति संवेदना व्यक्त करती हूं। हमारी सरकार हर तरफ से काम कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने खुद वहां जाकर देखा है।
सिब्बल ने केंद्र पर साधा निशाना, कहा-कोई जवाबदेही नहीं
राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने ओडिशा में शुक्रवार को हुए भीषण रेल हादसे को लेकर रविवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रेलवे और संचार, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी जैसे बड़े मंत्रालयों को एक मंत्री नहीं संभाल सकता, जैसा कि अश्विनी वैष्णव कर रहे हैं। सिब्बल ने एक ट्वीट में कहा कि अश्विनी वैष्णव, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री और रेल मंत्री। रेल बजट नहीं। कोई जवाबदेही नहीं। इतने बड़े मंत्रालयों को एक मंत्री नहीं संभाल सकता। बुलेट ट्रेन। वंदे भारत। खास लोगों को सुविधाएं दो, आम जनों को छोड़ दो! आपदा को दावत देने का तरीका!
रेलवे बोर्ड ने प्रेस कॉन्फेंस की
रेलवे बोर्ड ने प्रेस कॉन्फेंस कर मामले की जानकारी दी। इस दौरान बताया गया कि प्रारंभिक जांच में सिग्नल के साथ कुछ समस्या पाई गई है। आगे की जांच जारी है। दो लूप लाइनों पर मालगाड़ी खड़ी थी। कोरोमंडल एक्सप्रेस की रफ्तार 128 किमी प्रति घंटा थी। यशवंतपुर एक्सप्रेस ट्रेन भी 126 किमी. की स्पीड से आ रही थी। इस दौरान कोरोमंडल एक्सप्रेस मालगाड़ी से टकरा गई। मालगाड़ी में लोहा लदा हुआ था। इस वजह से मालगाड़ी के डिब्बे अपनी जगह से हिले भी नहीं और यही कारण है कि कोरोमंडल एक्सप्रेस के यात्रियों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। इस दौरान यशवंतपुर एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी। टक्कर के बाद पटरी से उतरे कोरोमंडल एक्सप्रेस के डिब्बे यशवंतपुर एक्सप्रेस के पीछे के दो डिब्बों से टकरा गए। इस वजह से यशवंतपुर एक्सप्रेस के डिब्बे भी पटरी से उतर गए।
जया वर्मा सिन्हा, सदस्य संचालन व्यवसाय विकास ने बताया कि रेलवे ने हादसे के बाद सबसे पहले राहत और बचाव कार्य किया, उसके बाद मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। बहानागा स्टेशन पर 4 लाइने हैं। इसमें 2 मेन लाइन है। लूप लाइन पर एक मालगाड़ी थी। स्टेशन पर ड्राइवर को ग्रीन सिग्नल मिला था। दोनों गाड़ियां अपने पूरे गति पर चल रही थी। प्रारंभिक जांच में लग रहा है कि सिग्नल में गड़बड़ी हुई है। घटना की चपेट में सिर्फ कोरोमंडल आई थी।
रेल मंत्री ने डॉक्टरों और कर्मचारियों को धन्यवाद दिया :
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भद्रक के सरकारी अस्पताल में करीब-करीब सभी मरीजों की अपने परिवार से बातचीत हो चुकी है। मैं भद्रक मेडिकल के सभी डॉक्टरों और कर्मचारियों का धन्यवाद देना चाहूंगा। उन्होंने मरीजों की बहुत अच्छे से देखभाल की है I